मड़ावरा ग्राम पंचायत का स्वागत बोर्ड
- फोटो : LALITPUR
मड़ावरा(ललितपुर)। लगभग बीस हजार आबादी वाले कस्बा मड़ावरा को नगर पंचायत बनवाने के लिए लोगों ने मुहिम तेज कर दी है। वर्ष 2015 में मानकों की कसौटी पर खरी नहीं उतर पाई थी, जिससे कस्बा नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त करने से रह गया। अब एक बार फिर नगर पंचायत के लिए लोग लामबंद होने लगे हैं।
पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच एक बार फिर से मड़ावरा को नगर पंचायत बनवाने की मांग बुलंद होने लगी है। बीते दिनों ब्लॉक प्रमुख चंद्रदीप रावत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के समक्ष यह मांग उठाई थी। वहीं, कस्बे के व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय खन्ना की अगुवाई में भी व्यापारियों द्वारा नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग की जा रही है। कुछ लोग ऐसे भी हैं जो मड़ावरा को अभी भी ग्राम पंचायत के रूप में ही देखना चाहते हैं, लोगों का कहना है कि इसके पीछे उनकी राजनीतिक या व्यक्तिगत वजह हो सकती हैं।
----
लोग बोल- ग्राम रनगांव को भी शामिल कर देना चाहिए
सेवानिवृत्त शिक्षक प्रभात खरे, कल्यान कुशवाहा, रामबाबू तिवारी गुड्डू महाराज, चंद्रदीप रावत ब्लॉक प्रमुख मड़ावरा, राकेश सोनी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, मड़ावरा और नसीर खान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ग्राम पंचायत साढूमल का कहना है कि मड़ावरा को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाना जनहित में है। यदि आबादी के हिसाब से कस्बा मानक पूरा नहीं करता है तो इसमें ग्राम रनगांव को भी शामिल कर देना चाहिए। यह एक बेहतर विकल्प हो सकता है।