ललितपुर। शासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सीजेरियन प्रसव के लिए ऑपरेशन थिएटर तो बनवा दिए हैं। लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण नियमित सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। इससे प्रतिदिन 10 से 12 प्रसूताओं को जिला मुख्यालय रेफर करना पड़ रहा है।
जनपद के तीन ब्लॉक मुख्यालयों पर स्थित सीएचसी तालबेहट, महरौनी और मडावरा में यह सुविधा होनी है। बीते वर्ष इन केंद्रों पर ऑपरेशन थिएटर की मरम्मत कराई गई थी। इनमें ऑक्सीजन और अन्य उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। तालबेहट सीएचसी में निश्चेतना और बाल रोग विशेषज्ञ नहीं हैं, केवल स्त्री रोग विशेषज्ञ तैनात हैं। महरौनी में बाल रोग विशेषज्ञ हैं, पर स्त्री रोग और निश्चेतना विशेषज्ञ नहीं हैं। मडावरा में स्त्री रोग, बाल रोग और निश्चेतना विशेषज्ञ तीनों की कमी है। इस कारण तीनों सीएचसी पर केवल सामान्य प्रसव ही हो रहे हैं।
खानापूर्ति के लिए भेजी जाती है टीम
विभागीय अधिकारी दस्तावेज में सुविधा दर्शाने के लिए टीम भेजते हैं। वे एक या दो माह में जिला मुख्यालय से टीम बुलाकर सीजेरियन प्रसव कराते हैं। इसके बाद यह सुविधा फिर से ठप हो जाती है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे में 8 से 10 महिलाओं को तीनों सीएचसी से रेफर किया जाता है। समय पर सुविधा न मिलने से कई महिलाओं की समस्या बढ़ जाती है।
-
सीएचसी पर विशेषज्ञों की कमी है। आवश्यकता होने पर जिला मुख्यालय से टीम भेजकर सीजेरियन प्रसव कराए जाते हैं। विशेषज्ञों की कमी को लेकर पत्राचार किया गया है।
- डॉ. वीरेंद्र सिंह, प्रभारी, सीएमओ, ललितपुर