ललितपुर। गोवंश आश्रय स्थलों पर आचार संहिता के कारण वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए भूसा आपूर्ति का टेंडर नहीं हो पाया है। ऐसे में जिला प्रशासन पिछले रेटों पर भूसा खरीदने का निर्णय लिया है। उन्होंने इस संबंध में किसानों को सूचित किया है कि वह 490 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से क्रय किया जा सकता है।
मार्च में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण गोवंश आश्रय स्थल पर भूसा आपूर्ति की निविदा नहीं हो पाई है। ऐसे में अब गोवंश आश्रय स्थलों पर भूसा संकट आने लगा है। इससे पहले की गोशालाओं में भूसा समाप्त हो जाए, जिला प्रशासन सजग हो गया है। जिलाधिकारी ने जनपद के किसानों और संभ्रांत नागरिकों से भूसा दान मांगा है, जिससे गोवंश को भूखा न रहना पड़े।
इसके साथ ही जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी केके पांडेय ने पिछले साल के मूल्य के अनुसार 490 रुपये प्रति क्विंटल भूसा क्रय करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि जो भी किसान या व्यापारी इस मूल्य पर भूसा सप्लाई कर सकता है तो मुख्य पशु चिकित्सा कार्यालय में संपर्क कर भूसा दे सकता है। जिला प्रशासन के इस प्रयास से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द गोशालाओं में भूसा उपलब्ध हो जाएगा।