संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए पक्के निर्माण पर सोमवार को बुलडोजर चला। दुकानों और भवनों के सामने से कब्जा हटने से सड़क चौड़ी दिखने लगी। यहां से गुजरने वाले लोगों को भी जाम से मुक्ति मिली।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे स्टेशन से वर्णी चौराहे तक एक बार फिर अतिक्रमण हटाया गया। सोमवार सुबह पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों को चेतावनी दी। दोपहर बाद में पालिका की मशीनरी अतिक्रमण हटाने पहुंची। चिह्नित 50 पक्के अतिक्रमण पर बुलडोजर चला। छज्जे बाहर निकालने के साथ फुटपाथ पर दीवार खड़ी कर दी थी, उसे हटाया गया। पुलिस की मौजूदगी के कारण किसी तरह का विरोध नहीं दिखा।
अपील का नहीं दिखा असर : अतिक्रमण अभियान चलाने से पूर्व मुख्य मार्ग पर नगर पालिका ने माइक से उद्घोषणा कराई कि दुकानदार व भवनस्वामी अतिक्रमण हटा लें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। लेकिन, इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया। आखिरकार पालिका प्रशासन को अपनी मशीनरी से अतिक्रमण हटवाना पड़ा। े