ललितपुर। ब्लाक प्रमुख चुनाव के बाद बार ब्लॉक में राजनीतिक मुकदमों में तेजी आ गई है। रविवार की देर रात नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख के पति की तहरीर पर बसपा विधायक के पुत्र समेत एक दर्जन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रविवार की देर रात बार ब्लॉक से नवनिर्वाचित प्रमुख सविता रजक के पति जयप्रकाश रजक की तहरीर पर बार थाना पुलिस ने बहुजन समाज पार्टी नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया है। जयप्रकाश ने बताया कि रविवार की सुबह जब वह अपने समर्थक क्षेत्र पंचायत सदस्यों को वोट डालने के लिए ले जा रहे थे,
तभी बसपा विधायक के पुत्र सुरेंद्र अहिरवार, जिला पंचायत सदस्य के पति रहीश राजपूत ने अपने अन्य साथियों के साथ सदस्यों का अपहरण करने की कोशिश की। विरोध करने पर हमलावरों ने जयप्रकाश के साथ मारपीट कर सोने की अंगूठी व दस हजार रुपए लूट लिए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सुरेंद्र अहिरवार, रहीश राजपूत, पूर्व ब्लाक प्रमुख आतिश रिछारिया, अशोक, हरीराम, सुरेंद्र सिंह उर्फ झुन्नु व चार अज्ञात लोगों पर लूट व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया है।
ब्लॉक प्रमुख पति पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज
नवनिर्वाचित बार ब्लॉक प्रमुख सविता रजक के पति जयप्रकाश रजक पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्राम खजरा निवासी सरोज अहिरवार ने बताया कि उसके पति गणेश अहिरवार को जयप्रकाश रजक दस दिन पहले ले गए थे,
तभी से पति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। तहरीर पर बार पुलिस ने बार ब्लॉक प्रमुख के पति जयप्रकाश रजक पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।