नपुर क्षेत्र के ग्राम तेरा की घटना, पुलिस-फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम तेरा में मंगलवार शाम कुएं में डूबने से जीजा-साले की मौत हो गई। दोनों खेत में मूंगफली की फसल पर कीटनाशक का छिड़काव कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर दोनों के शव कुएं से बाहर निकाले।
ग्राम तेरा निवासी मुनीम (19) पुत्र नंदू ने खेत में मूंगफली की फसल पर दवा छिड़काव के लिए अपने जीजा राघवेंद्र (22) पुत्र सुखराम निवासी ग्राम गौना, थाना नाराहट को बुलाया था। मंगलवार शाम दोनों खेत में दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे कुएं में गिर पड़े। ग्रामीणों के अनुसार, संभावना है कि पहले एक युवक कुएं में गिरा और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भी कुएं में उतर गया। हालांकि, दोनों गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक दोनों पानी में समा चुके थे।
सूचना पर थाना बानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आने पर फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। टीम ने काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।