भाई ने कहा शराब के नशे में की आत्महत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम थनवारा निवासी 28 वर्षीय अशोक झा ने फंदे पर लटक कर रविवार की रात को आत्म हत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के भाई ने शराब के नशे में आत्महत्या करने की बात कही।
मृतक के भाई रामभरोसे ने बताया कि रविवार की शाम को उसका भाई अशोक शराब के नशे में घर आया। यहां उसने अपनी पत्नी पूनम को कमरे से बाहर निकाला और अंदर जाकर दरवाजे बंद कर लिए। कुछ देर बाद जब परिजनों ने दरवाजा खुलवाया तो कोई उत्तर नहीं मिला। किसी प्रकार परिजनों ने कमरे के दरवाजे खोला तो देखा कि अशोक छत के पंखे से फंदे पर अशोक का शव लटक रहा है। सूचना मिलने पर जखौरा पुलिस और फॉरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच पड़ताल कर नमूने संकलित किए। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के भाई ने शराब के नशे में आत्महत्या करने की बात बताई। मृतक के साले विशाल ने बताया कि उसका जीजा शराब के नशे में पूर्व में कई बार आत्म हत्या करने की धमकी देने की बात करता था। मृतक तीन भाई-दो बहन में दूसरे नंबर का था। उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। थाना जखौरा प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार वैस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।