ललितपुर। प्राइवेट एंबुलेंस से आए चोरों ने बकरी फार्म को निशाना बनाया और यहां से 14 बकरा-बकरी चोरी करके ले गए। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना करते हुए जांच पड़ताल की। पीड़ित ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
शहर के मोहल्ला सदनशाह नई तहसील के पास निवासी तौसीफ रजा ने बताया कि उसका बकरी फार्म है। जिसमें बकरा-बकरी का पालन करता है। शनिवार की रात को तीन-चार अज्ञात चोरों ने उसके बकरी फार्म को निशाना बनाया और यहां से करीब 14 बकरा-बकरी चोरी करके ले गए। रविवार की सुबह बकरी फार्म संचालक को इसकी जानकारी हुई। आसपास के सीसीटीवी कैमरे को देखा तो पाया कि एक प्राइवेट एंबुलेंस से तीन-चार चोर आए थे और उसी में करीब 14 बकरियों को चोरी करके ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी तो गल्ला मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि घटना को लेकर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।