ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोविंद सागर बांध स्थित हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात को ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बिरधा निवासी सीताराम (24) पुत्र दलपत कुशवाहा बृहस्पतिवार की रात को लगभग ग्यारह बजे अपने साथी बिरधा निवासी विवेक (18) के साथ मुख्यालय से लौटकर गांव वापस बाइक से जा रहे थे। उनकी बाइक गोविंद सागर बांध के पास हाईवे पर ही पहुंची थी कि एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत सीताराम को मृत घोषित कर दिया। जबकि विवेक का उपचार चल रहा है। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक का एक बेटा है और वह दो भाइयों में छोटा था।