तालबेहट। जखौरा मार्ग पर तरगुवां और बौलारी के मध्य दो बाइकों की आमने सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वही एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया।
सोमवार को रात समय करीब सात बजे ग्राम बिजरौठा मजरा बौलारी निवासी शरन (45) पुत्र नन्हेलाल निवासी बिजरौठा मजरा पारा तालबेहट रेलवे स्टेशन से अपनी ड्यूटी करके बाइक से अपने घर पारा जा रहा था। तरगुवां में बने पेट्रोल पंप के कुछ आगे उसकी बाइक सामने आ रहे बाबूलाल (55) पुत्र पजन निवासी बिजरौठा मजरा बौलारी की बाइक से टकरा गई। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ गए और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी तालबेहट भिजवा दिया। जहां डॉक्टर ने शरन को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल बाबूलाल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया ।