ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मऊमाफी में एक युवक ने मानसिक बीमारी से तंग आकर रविवार की देर रात में गांव के बाहर आम के पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम मऊमाफी निवासी कृपाल (25) पुत्र धरमदास अहिरवार रविवार की रात को खाना खाने के बाद सोने चला गया। रात में उसे करीब 12 बजे तक सोता देखा गया। सुबह जब परिजन उठे तो कृपाल घर में नहीं मिला। जिस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन घर में वह कहीं नहीं दिखा तो परिजनों ने गांव में जाकर खोजबीन की, कृपाल का शव घर से तीन सौ मीटर दूर गांव से बाहर एक आम के पेड़ पर रस्सी से लटकता मिला। जिस पर परिजनों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी, कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई अनिल ने बताया कि कृपाल करीब डेढ़ माह से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था और उसका उपचार ग्वालियर में चल रहा था। मृतक की दो बेटी व एक बेटा है और वह चार भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था। वह मजदूरी का काम भी करता था, लेकिन अभी वह डेढ़ माह से बीमारी से परेशान था। इसी के चलते उसने फांसी लगाकर जान दे दी।