ललितपुर। विद्युत विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में 24 हजार उपभोक्ताओं के सापेक्ष 19 हजार उपभोक्ताओं की विद्युत बिलिंग की जा रही है। तीन हजार बिजली उपभोक्ताओं का ब्योरा विभागीय दस्तावेजों में तो दर्शाया जा रहा है, लेकिन मौके पर ऐसे उपभोक्ता मौजूद नहीं है। दो हजार अन्य बिजली उपभोक्ताओं की फीडिंग का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में विभाग ने बिलिंग से गायब चल रहे तीन हजार बिजली उपभोक्ताओं की सूची तैयार करने का निर्णय लिया है।
शहरी क्षेत्र में बिजली का उपभोग करने वाले 24 हजार उपभोक्ताओं की विद्युत बिलिंग का कार्य हो रहा है। कार्यदाई संस्था लखनऊ कार्यालय से डाटा मिलने के बाद हर माह की 10 तारीख से स्पॉट बिलिंग मशीन के माध्यम से घर-घर जाकर विद्युत की बिलिंग कराती है। विद्युत विभाग में मौजूद लेजर के अनुसार शहर में लगभग 24 हजार उपभोक्ताओं के रनिंग में चल रहे हैं, जबकि मीटर रीडरों द्वारा हर माह लखनऊ से प्राप्त डाटा के अनुसार मात्र 19 हजार उपभोक्ताओं की ही विद्युत बिलिंग की जा रही है।
ऐसे में सवाल यह उठता है कि बाकी के उपभोक्ताओं की बिलिंग क्यों नहीं हो रही है। क्या उपभोक्ता अस्तित्व में हैं अथवा नहीं हैं। यदि उपभोक्ता अस्तित्व में हैं तो उनकी विद्युत बिलिंग क्यों नहीं हो रही है। लखनऊ से प्राप्त डाटा के अनुसार 19 हजार उपभोक्ता तो सर्विस में दर्शाए जा रहे हैं, जबकि तीन हजार से अधिक उपभोक्ता सर्विस में नहीं हैं और उन्हें पेंडिग लिस्ट में दर्शाया जा रहा है।
यह है कारण
ललितपुर। शहर में तीन हजार बिजली उपभोक्ताओं की विद्युत बिलिंग नहीं होने कारण उपभोक्ताओं द्वारा अधिक बकाया होने की दशा में दूसरा संयोजन करा लिया गया, जबकि पहला संयोजन अस्तित्व में होने के बाद भी मौके पर उक्त संयोजन नहीं पाया जा रहा है। स्थाई संयोजन विच्छेदन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने पर भी संयोजन अब भी अस्तित्व में दर्शाए जा रहे हैं, इसके अलावा नेहरु नगर क्षेत्र के बहुत से कनेक्शन ग्रामीण क्षेत्र में होने के बाद भी शहरी क्षेत्र में दर्शाए जा रहे हैं और बहुत से संयोजनों की डबल बिलिंग हो रही है। यही वजह है कि तीन हजार से अधिक संयोजन अस्तित्व में नहीं होने के बाद भी विद्युत बिलिंग में लगातार रनिंग में चल रहे हैं।
शहर के सभी उपभोक्ताओं की विद्युत बिलिंग का कार्य बिलिंग कंपनी द्वारा किया जा रहा है। विद्युत बिलिंग नहीं होने वाले सभी उपभोक्ताओं के मामले को गंभीरता से लेेते हुए सर्वे कराया कराया जाएगा।
- अखिलेश कुमार वर्मा,
उपखंड अधिकारी प्रथम, विद्युत वितरण खंड, ललितपुर।