ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला रावतयाना में सोमवार की रात को करणी सेना के मंडल अध्यक्ष और कई हिंदू संगठनों से जुड़े युवा नेता पर गोली चलाकर जानलेवा हमले के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला रावतयाना ललितेश्वरी माता मंदिर के पास निवासी रुचि गुप्ता पत्नी बसंतराज गुप्ता उर्फ बंटू महाराज ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार की रात को करीब 8.45 बजे वह अपने दरवाजे के बाहर बैठी हुई थी और उनके पति बसंत राज छत पर टहल रहे थे। तभी अचानक उसे गोली चलते की आवाज सुनाई दी और उसका बेटे पवित्र ने उसे आवाज लगाई कि मां जल्दी आओ, पिताजी को गोली लग गई है। तब वह घर की छत पर गई तो देखा कि उसके पति छत पर खून से लथपथ पड़े थे। उन्होंने बताया कि पीछे जो खेत हैं, उस खेत में तीन लोग थे, जिनमें से एक का नाम टिंकू जोशी पुत्र हरीमोहन जोशी निवासी रावतयाना था। उन लोगों ने ही उसे गोली मारी है और भाग गए। इतना कहकर वह बेहोश हो गए। कोतवाली पुलिस ने पत्नी की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बंटू महाराज को गोली मारने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया, उसमें गोली के निशान व चोट नहीं मिले हैं। जिस पर आरोप लगाया गया है, उसके द्वारा पूर्व में बंटू के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा लिखाया था, जिसमें वह वांछित चल रहा है। दोनों पक्षों में प्रतिद्वंद्विता चली आ रही है। जो भी आरोप हैं, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
- गिरजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक।