राहगीरों को हो रही परेशानी, मध्य प्रदेश से घूमकर टोल टैक्स देकर कर रहे यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
डोंगराखुर्द/ललितपुर। नाराहट-जामनी मार्ग राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। मंगलवार को इस रास्ते से निकलने पर पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक की गाड़ी दलदलयुक्त गड्ढे में फंस गई, जिसके चलते यहां लगभग एक घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। नाराहट-जामनी मार्ग की डगर कठिन होने के चलते अब वाहन चालक मध्य प्रदेश के रास्ते टोल टैक्स देकर यात्रा करने को मजबूर हो रहे हैं।
सागर राष्ट्रीय राजमार्ग से मड़ावरा-मदनपुर मार्ग को जोड़ने वाला नाराहट-जामनी बांध की सड़क दो वर्षों में फिर से खस्ताहाल है। दो दिन पहले इस मार्ग पर गड्ढे में फंसा गेहूं से लदा ट्रैक्टर 24 घंटे बाद किसी प्रकार निकाला जा सका था। अब मंगलवार को डोंगराखुर्द स्थित पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक रोहित कुशवाहा की चार पहिया गाड़ी इस मार्ग पर दलदल युक्त गड्ढे में फंस गई। काफी प्रयास के बाद भी जब गाड़ी नहीं निकल सकी तो आसपास के ग्रामीणों द्वारा ट्रैक्टर से रस्सी बांधकर बाहर निकाला जा सका।
मदनपुर-मड़ावरा मार्ग को जोड़ने वाला नाराहट-जामनी बांध मार्ग जो पिपरट के पास ललितपुर मदनपुर मार्ग को जोड़ता है। साथ ही गौना जामनी बांध मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों को जोड़ता है और राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचने के लिए काफी सुलभ बनाता है लेकिन इस मार्ग की हालत खराब है। इसकी वजह से इस मार्ग से निकलने वाले राहगीर करीब तीस किलोमीटर घूमकर मध्य प्रदेश के मालथौन से होकर टोल टैक्स देकर गंतव्य तक पहुंचते हैं। एसे में लोगों का समय खराब होने के साथ ही रुपये भी दोगुने खर्च हो रहे हैं।
बसों से लग रहा दो गुना समय
ललितपुर से जामनी बांध, धौर्रा राजघाट, जखौरा तक लगभग एक दर्जन बसों के परमिट हैं जिनका संचालन इसी रूट से हो रहा है। इन बसों में ग्रामीणों के साथ ही स्कूली बच्चे भी यात्रा करते हैं दलदल व बड़े-बड़े गड्ढों के कारण बसों में यात्रा करना काफी कष्टदायक हो गया है।
फोटो-15
कैप्सन-रोहित कुशवाहा।
नाराहट-जामनी मार्ग पर प्रतिदिन कार से आवागमन करना पड़ता है लेकिन सड़क काफी खस्ताहाल है। मंगलवार को मेरी गाड़ी गड्ढे में फंस गई। बड़ी मुश्किल से ट्रैक्टर के सहारे गाड़ी निकल पाई।
-रोहित कुशवाहा, शाखा प्रबंधक, पीएनबी, डोंगराखुर्द।
-
फाेटो-17
कैप्सन-डॉ.निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव।
नाराहट-जामनी बांध सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे कदम कदम पर हो गए हैं। इन गड्ढों में पानी भरने से दलदल भी हो गया है। गड्ढों में वाहन खराब हो रहे हैं और इन गड्ढों के कारण स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ रहा है।
-डॉ.निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव।