ललितपुर। इंदौर से मुुंबई जा रही एक ट्रेन में मुंबई के शेयर मार्केट के एक व्यापारी का ग्यारह लाख की कीमत के जेवरातों से भरा बैग गुजरात की जीआरपी पुलिस ने ललितपुर के ग्राम पनारी से बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई वेस्ट के गोरेगांव स्थित पंपा चौक हाउसिंग सोसायटी में गजानंद कालोनी निवासी नैनमत जैन का मुंबई में शेयर मार्केटिंग का व्यवसाय है। वह बीते सात फरवरी को ट्रेन संख्या 12962 अवंतिका एक्सप्रेस ट्रेन के कोच संख्या बी-2 सीट नंबर एक पर इंदौर से मुंबई जा रहे थे और रात के समय वह अपनी सीट पर सो गए। अगले दिन सुबह आठ फरवरी को सुबह करीब चार बजे वापी रेलवे स्टेशन से जब ट्रेन रवाना हो रही थी, तब वह नींद से जागे तो उसकी सीट के नीचे रखे हुए एक नीले रंग के ट्रॉली बैग जिसमें एक हार और कान के सोने का टॉप्स 50 ग्राम (कीमत दो लाख रुपये), सोने का हार एवं कान के सोने के टॉप्स सेट 55 ग्राम (कीमत दो लाख 25 हजार), एक हाथ में पहनने का सोने का कड़ा 12 ग्राम (40 हजार रुपये), एक जोड़ा हाथ में पहनने का सोने का कड़ा 70 ग्राम(दो लाख पचास हजार रुपये), छह नग सोने की अंगूठी 30 ग्राम (30 हजार रुपये) एवं पुराने पहनने के कपड़े कुल आठ लाख 67 हजार 500 रुपये से भरा बैग चोरी चला गया था। जिस पर उसने इसकी शिकायत वापी जीआरपी से की। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
जांच के दौरान गुजरात की वापी जीआरपी बैग की तलाश में ललितपुर तक पहुंच गई। जहां ललितपुर पुलिस की मदद से कोतवाली अंतर्गत ग्राम पनारी पहुंचकर एक आरोपी को ट्रेन से चोरी बैग के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ललितपुर के थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम राखपंचमपुर के मजरा धरमपुरा निवासी राकेश पुत्र कल्लू अहिरवार को बताया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह वह गुजरात के दादा नगर हवेली में दादरा गार्डन के पास एक कंपनी में हेल्पर की नौकरी करता है। उसके पास मिले चोरी के ट्रॉली बैग (2500 रुपये) से सोने के गहने 233.710 मिलीग्राम कुल कीमत 11 लाख 21 हजार 784 रुपये, एक मोबाइल (18 हजार रुपये) समेत कुल 11 लाख 42 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया। गुजरात की जीआरपी पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद गुजरात ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अपनी ससुराल में गया था आरोपी
ट्रेन में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद उक्त आरोपी राकेश पुत्र कल्लू अहिरवार ग्राम पनारी में अपनी ससुराल में चला गया था, जहां उसे ट्रॉली बैग को रख दिया और कुछ जेवरात अपने रिश्तेदार के माध्यम से एक ज्वैलर्स के यहां भी गिरवी रखने की बात सामने आई है। आरोपी की शादी सात माह पहले ही हुई थी।
बीते सात फरवरी को मुंबई के शेयर मार्केट व्यापारी का जेवरातों से भरा बैग इंदौर से मुंबई जाते समय चोरी हुआ था। इस मामले में ग्राम पनारी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 11 लाख 24 हजार कीमत के जेवरात से भरा ट्रॉली बैग बरामद हुआ है।
-वाय एच राजपूत, पुलिस उपनिरीक्षक, वापी रेलवे पुलिस थाना(गुजरात)।