ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने अवैध निर्माण के मामले में सख्त रुख दिखाते हुए उसे ध्वस्त कर दिया है, साथ ही दोषियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी है।
मोहल्ला नेहरू नगर में नगर पालिका की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई। इस पर पालिका कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने काम रुकवा दिया। इसके अगले ही दिन दोबारा निर्माण शुरू कर दिया। इस सूचना के आधार पर पालिका कर्मी मौके पर पहुुंच गए तो वे झगड़ने पर उतारू हो गए। अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए लेखपाल अवध बिहारी, लिपिक राजकुमार, नजूल लिपिक रमाकांत तिवारी को भेजा। इसके बाद भी निर्माण कार्य नहीं रोका गया। इस पर उनके आदेश पर पालिका कर्मियों ने निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया। उधर, ईओ ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दे दी। अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल का कहना है कि पालिका की जमीन पर प्रधानमंत्री आवास (शहरी) बनाया जा रहा था। डूडा के परियोजना निदेशक को आवास निरस्तीकरण के लिए पत्र लिखा गया है।