- पालिकाध्यक्ष व ईओ के औचक निरीक्षण में नगर पालिका में कई कर्मचारी मिले अनुपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने शुक्रवार को सुबह 11 बजे संयुक्त रूप से कार्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें राजस्व निरीक्षक समेत कई कर्मचारी अनुपस्थित रहे। जिस पर कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा। चेयरमैन ने नगर पालिका में अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक से दर्ज करने के निर्देश दिए।
नगर पालिकाध्यक्ष सोनाली जैन ने शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा के साथ नगर पालिका में विभिन्न पटलों का सुबह 11 बजे निरीक्षण किया। इसमें राजस्व निरीक्षक सीमा कुशवाहा पटल पर नहीं मिली, जिस पर अध्यक्ष ने ईओ से स्पष्टीकरण मांगने को कहा। राजस्व निरीक्षक आशुतोष अनुपस्थित पाए गए, जिस पर आशुतोष ने निरीक्षण का पता लगने पर फील्ड में होने की बात कहते हुए अपनी फोटो भेजी। वहीं कर्मचारी हितेंद्र भी अनुपस्थित थे, जिस पर उन्होंने हर घर नल जल योजना में सर्वे में होना बताया। अध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी से पालिका में लगे सीसीटीवी कैमरे सुधरवाने के निर्देश दिए, जिस पर ईओ ने कहा कि बजट में शामिल कर सीसीटीवी सुधरवाए जाएंगे। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि अब नगर पालिका में सभी कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक से दर्ज होगी।
-
पालिकाध्यक्ष ने सुरक्षा के लिए डीएम को लिखा पत्र
नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन ने बीते दिनों हुए विवाद के बाद अब जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने पत्र में जान को हमले का खतरा बताया है। उन्होंने तीन दिन ही राजस्व निरीक्षक से विवाद के बाद जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन पर हमले की आशंका जताई थी और बताया था कि पूर्व में पार्षद पर भी हमला हो चुका है। अब उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है।