ललितपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र प्रयागराज द्वारा वर्ष 2020 की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य स्थिगित कर दिया गया था। लेकिन, मूल्यांकन केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पांच मई से मूल्यांकन शुरू किया जाएगा तथा यह कार्य 25 मई तक पूरा होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर ने बताया कि के मूल्यांकन केंद्र से 100 मीटर की परिधि में धारा-144 लगाई जाएगी। प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर ऐसे व्यक्तियों जिनका मूल्यांकन कार्य से कोई संबंध नहीं है, उनका प्रवेश वर्जित रखा जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं एवं प्राप्तांकों के अवार्ड की शुचिता/ गोपनीयता भंग कर उनके इंटरनेट पर वायरल होने पर संबंधित केंद्र प्रभारी तथा परीक्षकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षकों एवं मूल्यांकित होने वाली उत्तर-पुस्तिकाओं का विवरण प्रतिदिन शाम को छह बजे परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कराया जाना अनिवार्य है। प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज को निर्देश दिए गए हैं कि मूल्यांकन केंद्र पर कोरोना वायरस (कोविड-19) से बचाव के दृष्टिगत सोशल डिस्टेसिंग एवं राज्य सरकार के दिशा निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रत्येक परीक्षा के मध्य कम से कम दो मीटर का अंतर अवश्य रहे। प्रत्येक परीक्षक के दो मीटर की परिधि में कोई दूसरा परीक्षक नहीं बैठेगा। मूल्यांकन केंद्र को प्रतिदिन सेनेटाइज कराना एवं वहां आवश्यक दवाओं का छिड़काव कराना अनिवार्य है।