ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर में पठानकोट एक्सप्रेस के आने की उद्घोषणा हो रही थी, लेकिन शताब्दी एक्सप्रेस आ गई। इसके चलते लोगों में अफरा तफरी मच गई। हालांकि, ट्रेन को एक मिनट की जगह पांच मिनट बाद रवाना किया गया।
अमृतसर से मुंबई जाने वाली पठानकोट एक्सप्रेस सवा छह घंटे विलंब से ललितपुर स्टेशन पर 12:16 बजे आई। इसी दरम्यान 11:58 बजे नई दिल्ली से चलकर हबीबगंज जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस भी आने वाली थी। 11:58 बजे पठानकोट एक्सप्रेस के प्लेटफार्म संख्या दो पर आने का एनाउंस किया गया, लेकिन शताब्दी एक्सप्रेस आ गई। ऐसे में यात्री परेशान हो गए। हालांकि, प्लेटफार्म दो पर शताब्दी एक्सप्रेस देख तत्काल पठानकोट एक्सप्रेस आने की उद्घोषणा को बंद किया गया और शताब्दी एक्सप्रेस आने का एनाउंस किया जाने लगा।
यदि एनाउंस गलत हुआ है तो यह बड़ी लापरवाही है। इसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-मनोज कुमार, पीआरओ।