ललितपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस पर बिरधा और महरौनी विकास खंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। ग्राम छिल्ला के निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने दबंगों द्वारा केंद्र से पोषाहार भर ले जाने की शिकायत की।
बिरधा विकास खंड अंतर्गत ग्राम छिल्ला आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार को कार्यकत्री एवं सहायिका ने बताया कि गांव के कुछ दबंग केंद्र पर आकर जबरन पोषाहार उठाकर ले जाते हैं। रोकने पर गाली- गलौज करते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने फोन पर इसकी जानकारी एसडीएम सदर पूनम निगम को दी। एसडीएम ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
केंद्र के निरीक्षण के दौरान कार्यकत्री सुमन राजा एवं सहायिका धनकुंवर मौजूद मिलीं। टीकाकरण एवं केंद्र संचालन का कार्य ठीक पाया गया।
इसी तरह, आंगनबाड़ी केंद्र ग्राम खितवांस में एएनएम सुषमा, कार्यकत्री पुष्पा, सहायिका मुन्नी, राजकुमारी, आशा आदि मौजूद मिलीं। बच्चों को पोषाहार बांटा जा रहा था। ब्लड शुगर जांच के लिए ग्लूकोमीटर नहीं मिला, जिस पर स्टॉफ को मशीन उपलब्ध रखने को कहा गया। विकास खंड महरौनी अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र ग्राम सिलावन पर टीकाकरण किया जा रहा था। आंगनबाड़ी केंद्र समोगर में समस्त स्टाफ मौजूद मिला। संविदा एएनएम जयकुमारी का कार्य अच्छा पाया गया। इसी तरह, ग्राम छपरट केंद्र पर भी ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस पर सभी गतिविधियां सुचारु पाई गईं।