ललितपुर। बोआई के लिए उड़द का बीज उठाकर लाते समय वृद्धा कमरे में रखे स्टैंड पंखे के संपर्क में आ गई और उसे करंट लग गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घाेषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम सतगता निवासी लक्ष्मीबाई (60) बुधवार सुबह कमरे में रखे उड़द के बीज को उठाकर ला रही थीं। इसी दौरान कमरे में रखे स्टैंड पंखे के संपर्क में आ गईं और उन्हें करंट लग गया।
चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और वृद्धा को अलग किया। लेकिन, करंट लगने से वह झुलस गई थीं। आनन फानन परिजन उन्हें लेकर जखौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने लक्ष्मीबाई को मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन पुत्र व एक पुत्री है। थाना जखौरा प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद ने घटना की पुष्टि की है।