- खेत पर थ्रेसर करवाने के दौरान हुई बारिश से बचने के लिए खड़ा था पेड़ के नीचे
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पेड़ के पास गाज गिरने से थाना बानपुर के ग्राम उदया टपरियन निवासी वृद्ध चपेट में आ गया और झुलसकर उसकी मौत हो गई। वह खेत पर हो रही मूंग की फसल की थ्रेसर करवाने के दौरान हुई बारिश से बचने के लिए पेड़ के लिए नीचे खड़ा था।
पुत्र चंद्रभान ने बताया कि बुधवार की शाम को वह अपने परिजनों संग खेत पर मूंग की फसल की थ्रेसर करवा रहा था। इसी दौरान उसके पिता अमान (70) भी वहां आ गए थे। कुछ देर बाद बारिश होेने लगी। इस पर उसके पिता पास में खड़े एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। जबकि वह लोग कुछ दूरी पर खड़े थे। इस दौरान तेज आवाज के साथ पेड़ के समीप गाज गिरी। जिसकी चपेट मेें उसके पिता अमान आ गए थे और उनका आधा शरीर झुलस गया था। कपड़े जल गए थे। घटना देखकर वह लोग भागकर मौके पर पहुंचे। यहां उसके पिता जमीन पर पड़े थे और उनकी मौत हो गई थी। वह लोग मृत अमान के शव को खटिया पर रखकर खेत से घर लेकर आए और थाना पुलिस को सूचना दी। मृतक तीन भाई-एक बहन में बड़े थे और उनके दो पुत्र व एक पुत्री है। वह चार एकड़ जमीन पर खेती किसानी करते थे। थानाध्यक्ष बानपुर अरुण तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।