संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। तहसील क्षेत्र के कई गांवों में फसलों से खरपतवार हटाने के नाम पर नकली कीटनाशक बेचे जाने का आरोप लगाया गया है। ऐसा ही एक मामला झावर मजरा पालखिर गांव का सामने आया है। किसान ने उपजिलाधिकारी समेत उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम झावर मजरा पालखिर निवासी चंदन पाल ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसने करीब दो सप्ताह पहले मूंगफली की फसल से खरपतवार हटाने के लिए थाना पूराकलां क्षेत्र के कंधारीखुर्द गांव स्थित एक दुकान से कीटनाशक खरीदा था। फसल में दवा का छिड़काव करने के बाद खरपतवार तो खत्म नहीं हुए, लेकिन उसकी पूरी फसल बर्बाद हो गई।
किसान के मुताबिक उसने जब दुकानदार से इसकी शिकायत की तो उसने कंपनी में शिकायत दर्ज कराने की बात कहते हुए उससे बिल ले लिया। आरोप है कि इसके बाद दुकानदार उसे काफी समय तक गुमराह करता रहा। बाद में एक व्यक्ति को कंपनी का कर्मचारी बताकर उसके पास भेजा गया। किसान का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उल्टा उसी पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। अब दुकानदार की ओर से उसे धमकाने का भी आरोप लगाया है।किसान ने एसडीएम से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और फसल के नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
-
अधिक मुनाफे के फेर में गुणवत्ता से खिलवाड़ का आरोप
किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ बीज, खाद और कीटनाशक विक्रेता अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में नकली और गुणवत्ताहीन कृषि सामग्री बेचते हैं। किसानों का कहना है कि संबंधित विभाग की ओर से समय-समय पर दुकानों की जांच नहीं किए जाने से ऐसे विक्रेताओं के हौसले बढ़ रहे हैं। इससे किसानों की मेहनत और फसल दोनों प्रभावित हो रही हैं।
-
शिकायती पत्र प्राप्त हुआ था। मामले की जांच के लिए कृषि विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
- अभिजीत सिंह, एसडीएम, तालबेहट
-