जल जीवन मिशन के तहत पूरी हो चुकी परियोजनाओं से गांवों में हो रही आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जल जीवन मिशन के तहत चल रही परियोजनाएं लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। कुछ गांवों में तकनीकी कारणों से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जिन ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति हो रही है, वहां जल निगम की टीम प्रधान व सचिवों के साथ सत्यापन कर रही है। यह प्रक्रिया (जल आकलन) पूरी होने के बाद ग्राम पंचायतों को पेयजल योजना का स्वामित्व सौंप दिया जाएगा।
हर घर-जल नल परियोजना के तहत जनपद में 15 पाइप पेयजल योजना निर्मित की गई हैं। इसके तहत 551 गांवों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है। तकनीकी कारणों से करीब 27 गांव में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं, जनपद के एक लाख 57 हजार 597 परिवारों की 9 लाख 56 हजार 255 की आबादी को लाभान्वित किया जाना है। 14.39 अरब की इन परियोजनाओं में 13.59 अरब रुपये खर्च हो चुके हैं।
योजना के तहत 3431 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। योजना के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। इन परियोजनाओं को ग्राम पंचायतों को सुपुर्द करने से पूर्व सत्यापन (जल आकलन) शुरू कर दिया गया है। संबंधित परियोजनाओं में तैनात अवर अभियंता, सचिव व ग्राम प्रधान के साथ ग्राम पंचायत बैठक करेंगे। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति का आकलन करेंगे।
अगर किसी इलाके में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है तो वहां की कमियों को दूर किया जाएगा। प्रथम चरण में 295 गांवों में सत्यापन किया जाना है। इनमें से 94 गांवों में जल आकलन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
10 साल तक देखरेख की जिम्मेदारी होगी ठेकेदार की
15 पाइप पेयजल योजनाओं की देखरेख की जिम्मेदारी 10 साल तक निर्माणकर्ता कंपनी को सौंपी गई है। इसमें यह कंपनी पाइपलाइन, टंकी व सीडब्लूआर की देखरेख करेगी। ग्राम पंचायतों को स्वामित्व देने का उद्देश्य है कि वह इनकी सुरक्षा करें। साथ ही अगर कहीं पेयजल आपूर्ति बाधित होती है तो इसकी सूचना कंपनी को देंगे, जिससे मरम्मत किया जा सके।
दो पाइप पेयजल योजनाओं का हुआ जल अर्पण
जिले में दो ग्राम पंचायतों को पाइप पेयजल योजना का स्वामित्व सौंप दिया गया है। इन ग्राम पंचायतों में बदनपुर पाइप पेयजल योजना के ग्राम रामपुर, मसौरा पाइप पेयजल योजना के ग्राम पटसेमरा को जल अर्पण कार्यक्रम के तहत स्वामित्व सौंप दिया गया है।
जलजीवन मिशन के तहत गांवों में संचालित योजनाओं के सत्यापन की स्थिति
योजना गांव - सत्यापन वाले गांव - काम पूरा होने वाले गांव
लागौन - 50 - 30 - 10
कचनौंदाकलां- 61 - 41 - 03
धौर्रा- बालाबेहट- 58 - 22 - 00
जालखौन-बिरधा - 60 - 30 - 03
कड़ेसराकलां- 22 -06 - 05
सौजना - 32 - 22 - 05
सुकुलगवां - 16 - 10 - 09
मड़ावरा - 17 - 09 - 03
बिल्ला-मौगांव- 23 - 01 - 00
बदनपुर- 31 - 14 - 07
सैदपुर-कुम्हेड़ी- 47 - 30 - 22
गौना- नाराहट - 54 - 32 - 06
मसौरा सिंदवाहा- 45 - 32 - 12
चंदावली - 16 -09 - 02
टोरी - 19 - 07 - 07
वर्जन
जिले में जल आकलन (सत्यापन) का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके बाद पाइप पेयजल योजना का स्वामित्व ग्राम पंचायतों को सौंपा जाएगा। अभी तक 94 गांव में जल आकलन हो चुका है। - राजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे