संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुले विद्यालयों को लेकर बीएसए ने सभी बीईओ व प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किए। जिसमें विद्यालयों की छतों की सफाई, मध्यांह भोजन के लिए किचिन में रखे मसालों की डेट चेक करने, आरटीई के तहत प्रवेश से वंचित रह गए बच्चों का प्रवेश कराने सहित 26 बिंदुओं पर काम कराने को कहा है।
बृहस्पतिवार से परिषदीय विद्यालयों में बच्चे पहुंचने शुरू हो गए। बीएसए रत्नेश कुमार ने विद्यालयों में नियमित रूप से मीनू के अनुरूप मध्यांह भोजन पकाए जाने के लिए प्रयोग की जाने वाली सभी खाद्य सामग्री की मानक अनुसार व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट चेक करने का निर्देश दिया। भोजन पकाने और परोसने के स्थान पर साफ-सफाई व स्वच्छता सुनिश्चित रखें। खाद्य सामग्री का भंडारण और रख रखाव सुरक्षित रूप से करें। रसोई घर के अंदर व बाहर जालों की सफाई, आसपास उग आई घास को कटवाएं और रसोई घर की खिड़की में महीन जाली लगाएं। विद्यालय में हैंडपंप, हैडवॉश यूनिट के आसपास की सफाई कराए और पानी निकासी की व्यवस्था रखें। विद्यालय परिसर में उग आई झाड़ियों को कटवा दें। विद्युत उपकरणों व तारों की जांच करें। परिसर में लगे जर्जर पेड़ को कटवा दें। स्कूल चलो अभियान दूसरे चरण में नवीन नामांकन और एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय में छात्र-छात्राओं का शत प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चत कराया जाए। एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार पढ़ाई कराए, छात्रों की उपस्थिति और मूल्यांकन पर विशेष जोर दिया जाए। बीएसए रत्नेश कुमार ने बताया कि विद्यालय संचालन के दौरान विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा का बेहतर माहौल मिल सके। साथ में उनकी सुरक्षा और विद्यालयों में मानसून सीजन के दौरान साफ सफाई रखने के लिए प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।