संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। रविवार को अधिवक्ता एकादश और शिक्षक एकादश के बीच खेले गए मैत्री मैच में अधिवक्ता एकादश ने शिक्षक एकादश को सात विकेट से हरा दिया। एक अन्य मैच में पुलिस ए टीम ने अपने की विभाग की बी टीम को भी छह विकेट से शिकस्त दे दी।
मर्दन सिंह इंटर कॉलेज के मैदान पर खेले गए मैच में शिक्षक एकादश के कप्तान आशुतोष बिलगैया ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। 15 ओवर के मैच में नियमित अंतराल पर उनकी टीम के विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 15 ओवरों में 88 रन बना सकी। अनुदेशक दीपक बबेले ने सर्वाधिक 23 और मंजेश ने 21 रन बनाए। अधिवक्ता एकादश की ओर से धरमन, अमित बुंदेला, मनोज संज्ञा ने शानदार गेंदबाजी की। अधिवक्ता एकादश के ओपनर भानु और रक्षपाल सिंह ने पहले दो ओवर तक धीमी शुरुआत की। बाद में टीम के राहुल राजा, पंकज सिंह ने बल्लेबाजी करते हुए मात्र नौ ओवर में 90 रन बना कर सात विकेट से मैच जीत लिया। मैच के अंपायर आशीष लक्षकार, संजय गुप्ता और स्कोरर हरीराम श्रीवास रहे। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रवक्ता जगदीश प्रसाद बिलगैया ने खिलाड़ियो से परिचय लिया। इसके पहले हुए मैच में पुलिस बी टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी की। टीम 12 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर मात्र 98 रन ही बना सकी। सूरज ने सर्वाधिक 32 और पुष्पेंद्र ने 20 रन बनाए। ए टीम ने 11 ओवरों में ही चार विकेट पर 99 रन बनाकर छह विकेट से मैच जीत लिया। ए टीम के लिए संजय ने सर्वाधिक 58, ऋषभ सागर ने 14 रनों का योगदान दिया। कप्तान विनोद मिश्र ने दस रन बनाए। अंपायरिंग बाली सिंह और रक्षपाल सिंह बुंदेला ने की।