ललितपुर। कहचरी परिसर में तीन दिन पहले अधिवक्ताओं और वादकारियों के बीच हुए विवाद के मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसमें तीन नामजद एवं दस अज्ञात वकीलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर अधिवक्ता आक्रोशित हैं। जिसके चलते अधिवक्ता मंगलवार को दूसरे दिन भी न्यायालय के कार्यों से विरत रहे।
कचहरी परिसर में विवाद के बाद तेरह अधिवक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर वकीलों में नाराजगी है, जिसके चलते जिला बार एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को भी अधिवक्ताओं ने मुकदमा दर्ज किए जाने का विरोध करते हुए पूर्ण रूप से न्यायालयीन कार्यों से विरत रहकर हड़ताल जारी रखी।
वहीं अधिवक्ताओं के इस विरोध में दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ भी शामिल हो गया और बैठक कर निर्णय लिया गया कि मुकदमा वापसी के लिए उनका संघ जिला बार एसोसिएशन का समर्थन करता है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ओम प्रकाश घोष ने बताया कि सीओ सिटी ने अधिवक्ताओं को मुकदमा खत्म करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को भी सभी अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। यदि अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया जाता है तो बुधवार से सभी तहसीलों के अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे।