ललितपुर। बिना मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ माध्यमिक शिक्षा विभाग सघन अभियान चलाएगा और पकड़े जाने वाले ऐसे विद्यालयों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ में निजी कोचिंग में संलग्न सरकारी शिक्षकों की भी जांच जाएगी। जिले में इस अभियान को चलाने के लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद के 39 विद्यालय संचालित हैं। इनमें 31 राजकीय हाईस्कूल और आठ राजकीय इंटर कॉलेज हैं। इसके साथ जिले में 80 के करीब अशासकीय व मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित होते हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जनपद में संचालित होने वाले अमान्य विद्यालयों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्राचार किया। इसमें निर्देशित किया गया कि जिले में संचालित हो रहे अमान्य कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यालयों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाए। अभियान में पकड़े जाने वाले ऐसे विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही निजी कोचिंग में संलग्न सरकारी शिक्षकों की भी जांच की जाएगी। बोर्ड के निर्देश पर जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने ऐसे विद्यालयों के खिलाफ अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक डीआइओएस की अध्यक्षता में गठित समिति यह कार्रवाई करेगी। डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद में अमान्य विद्यालय के खिलाफ अभियान चलाकर चेकिंग की जाएगी। पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद