संवाद न्यूज एजेंसी
रनगांव (मड़ावरा)। एडीएम नमामि गंगे संजय मिश्रा ने बृहस्पतिवार को समूह पेयजल योजना का गांव लिधौरा व हंसरी में पहुंच कर घर घर जाकर जल जीवन मिशन योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने नल कनेक्शन में टोंटी न होने के कारण पानी की बर्बादी देख नाराजगी जाहिर की। अधिकारियों को सप्ताह भर में टोंटी फीट करने का निर्देश दिया। नहीं हुआ तो कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
निरीक्षण के दौरान एडीएम संजय मिश्रा ने लिधौरा गांव में घर-घर हो रही पेयजल आपूर्ति की स्थिति परखी। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कनेक्शनों में अभी तक टोंटी नहीं लगी है, वहां एक सप्ताह के भीतर यह कार्य पूरा किया जाए। इसका उद्देश्य पानी की बर्बादी को रोकना है। उन्होंने ग्रामीणों से भी पानी का सदुपयोग करने और अनावश्यक जल व्यय से बचने की अपील की। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हंसरी स्थित 8 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) का निरीक्षण किया। यहां जल परीक्षण प्रयोगशाला में क्लोराइड, टीडीएस और अवशेष क्लोरीन की जांच की गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।