ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र अंतर्गत जाखलौन रेलवे स्टेशन के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया।
मध्यप्रदेश के जिला सागर के थाना शाहगढ़ अंतर्गत ग्राम अमरमऊ निवासी वीरेंद्र पटेल (23) व पप्पू पुत्र टीकाराम दुबे शनिवार की शाम को जाखलौन से ललितपुर की ओर जा रहे थे। अभी वह जाखलौन रेलवे स्टेशन के पास ही पहुंचे थे कि अचानक से एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर जाखलौन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, और ट्रक को कब्जे में ले लिया। एंबुलेंस से दोनों घायलों के जिला अस्पताल पहुंचने पर परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने वीरेंद्र पटेल को मृत घोषित कर दिया। जबकि पप्पू दुबे का उपचार चल रहा है।