कस्बा बानपुर के ग्राम हसरईन के पास सवारियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिस कारण ट्रॉली में सवार एक दर्जन से अधिक महिला मजदूर घायल हो गई। यह महिला मजदूर खेत में खड़ी फसल का कटान करने के लिए जा रही थीं। घायलों को बानपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से आधा दर्जन घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है और गंभीर रूप से घायल एक महिला को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया है।
रविवार की सुबह करीब 09 बजे कस्बा बानपुर के करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम हसरईन के पास सवारियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान ट्रॉली में सवार कुल 13 लोग घायल हो गए, जिसमें 09 महिलाएं व 04 लड़कियां शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने घायलों को बानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना में कस्बा बानुपर निवासी रजनी (17) पुत्री वारेलाल, हर्ल्ली (16) पुत्री घसीटे, सुनीता (25) पत्नी रमेश, पार्वती (25) पत्नी रामवक्स, भारती (15) पुत्री शीलचंद्र, सरस्वती (28) पत्नी प्रकाश, लल्ली (25) पत्नी राजाराम को बानपुर में भर्ती कर लिया गया, वहीं गंभीर घायलों मीना (35) पत्नी जशरथ, ग्यासीबाई (25) पत्नी शीलचंद्र, मनीषा (16) पुत्री ओमप्रकाश, लक्ष्मीदेवी (30) पत्नी जगदीश, लारबाई (50) पत्नी लक्खी को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। वहीं, रुबी (25) पत्नी हरीराम कुशवाहा की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के चिकित्सकों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया है।
वहीं, ट्रैक्टर चालक मुलायम पुत्र किलकोटी यादव को कहीं चोट नहीं आई है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान घायल महिलाओं ने बताया कि उक्त लोग मजदूर हैं, वह फसल काटने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर कर पलट गई।