संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुलिस लाइन में 29वीं अंतर जनपदीय बैडमिंटन / टेबिल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। इसमें टेबिल टेनिस में टीम चैंपियनशिप महिला वर्ग में जालौन विजेता रही। एकल वर्ग में कानपुर की आरती पाल और युगल महिला वर्ग में ललितपुर की रंजना पाल व कानपुर देहात की आरती पाल विजेता रही।
प्रतियोगिता में महिला व पुरुष वर्ग के मैच कराए जा रहे है। इस प्रतियोगिता में कानपुर जोन के नौ जनपद कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, फतेहगढ़, इटावा, झांसी, जालौन, ललितपुर और कानपुर नगर के पुलिस खिलाड़ी मैच में शामिल होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार की रात को महिला वर्ग के टेबिल टेनिस के मैच खेले गए। इसमें चैंपियनशिप महिला टेबिल टेनिस टीम जालौन रही। उपविजेता इटावा रही। वहीं एकल महिला टेबिल टेनिस में कानपुर देहात की आरती पाल ललितपुर की रंजना पाल को हराकर विजेता रही। युगल महिला टेबिल टेनिस में ललितपुर की रंजना पाल और कानपुर देहात की आरती पाल साथ में उतरी और जालौन की मालती व रूपल की जोड़ी को हराकर विजेता बनी।
विजयी खिलाड़ियों को उनके साथी खिलाड़ियों ने बधाई दी। प्रतियोगिता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।