मड़ावरा/ ललितपुर। थाना मड़ावरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सतवांसा में एक युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार युवक आपराधिक मुकदमों और विवादों से परेशान चल रहा था। मड़ावरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम सतवांसा निवासी राजा सिंह (28 वर्ष) पुत्र अजीत सिंह ने बृहस्पतिवार देर शाम को लगभग साढ़े सात बजे गांव में ही घर के बाहर पास में ही स्थित एक कुएं में कूद गया। यह देख आसपास मौजूद कुछ बच्चों ने शोर मचाया तो ग्रामीण और परिजन एकत्रित हो गए और काफी मशक्कत के बाद रात लगभग नौ बजे उसका शव कुएं से बाहर निकाला गया। जानकारी पर मड़ावरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा जगत सिंह ने बताया कि उसके भतीजे राजा का अपनी पत्नी से दहेज प्रथा का मुकदमा चल रहा है। साथ ही उस पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की गई है और उसका परिवार में ही मकान को लेकर विवाद चल रहा है। जिससे वह काफी परेशान चल रहा था। इसी वजह से उसने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक का एक दो वर्ष का पुत्र भी है, जो अपनी मां के साथ उसके मायके रमगढ़ा में ही रहता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।