ललितपुर। झांसी जाने के लिए सचखंड एक्सप्रेस में चढ़ते समय मोहल्ला जुगपुरा निवासी माखन राजपूत (35) का पैर फिसल गया। वह नीचे पटरियों पर गिर गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
मृतक के ससुर ब्रजनंदन के मुताबिक उसका दामाद माखन निजी वाहन चालक था। वह झांसी में एक रेलवे ठेकेदार की गाड़ी चलाता था। शनिवार सुबह माखन झांसी जाने के लिए सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से गिर गया। आरपीएफ ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाई और एक बहन में तीसरे नंबर का था। उसके दो पुत्रियां और एक पुत्र है। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मृत्यु हुई है। संवाद