परिजनों ने सांप के डसने या हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम जखौरा पाली निवासी 57 वर्षीय कनई सिंह शनिवार की सुबह खेत पर अचेत मिला। परिजन उसे सीएचसी महरौनी ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने सांप के डसने या हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है।
देवराज ने बताया कि शनिवार की तड़के करीब चार बजे उसके पिता कनई सिंह पुत्र केहर सिंह अपने खेत पर गेहूं-मटर की फसल में पानी देने के लिए गए थे। सुबह करीब सात बजे आसपास के खेत वाले जब वहां से गुजरे तो पिता को खेत पर अचेतावस्था में पड़ा देखा। गांव वालों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और कनई को लेकर महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भतीजे देवराज ने सांप के डसने या हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई है। मृतक के दो पुत्र तथा तीन पुत्रियां हैं। वह खेती किसानी करता था। कोतवाली महरौनी प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।