परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते बताया आत्महत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर के बाहरी हिस्से में स्थित दुकान में 16 वर्षीय छात्र हर्ष रैकवार निवासी मोहल्ला नेहरूनगर रस्सी के फंदे से लटका मिला। आनन फानन परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया है।
मृतक के चाचा अक्कू ने बताया कि उसका भतीजा हर्ष पुत्र मनमोहन कक्षा 11वीं में पढ़ता था। बृहस्पतिवार की शाम वह घर के पहली मंजिल पर बने कमरे में अकेला था। प्रतिदिन वह शाम 4 बजे दूध लेने के लिए जाता था। शाम को हर्ष की मां ने दूध लाने के लिए उसे आवाज दी तो वह नीचे आया और बर्तन लेकर चला गया।
काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो मां ने उसके दोस्तों को फोन किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। घर के बाहरी हिस्से में स्थित दुकान के अंदर जब परिजन पहुंचे तो यहां छत के कुंदे से रस्सी के फंदे से हर्ष लटकता मिला। मृतक दो भाइयों में छोटा था। सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।