संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बृहस्पतिवार को शहर के दो जोन की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई। जल संस्थान के डोंडाघाट का ट्रांसफॉर्मर जलने से अपर और लोअर जोन की आपूर्ति ठप रही तो वाटर बॉक्स में मोटर खराब होने से टैंकर तक नहीं भरे जा सके। इससे पानी के लिए हाहाकार मच गया। लोग पूरे दिन चिलचिलाती धूप में बर्तन लिए टैंकर की आस में बैठे रहे। शाम होने के बाद मायूस होकर बैठ गए। अधिकारियों का कहना है कि नया ट्रांसफार्मर रखा गया है, वाटर बॉक्स की मोटर भी ठीक हो रही है। जल्द ही आपूर्ति सुचारु की जाएगी।
बढ़ती गर्मी के साथ ही जल संस्थान की लगातार चरमराती पेयजल आपूर्ति लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। आए दिन मशीनरी खराब होने से पानी की सप्लाई ठप हो रही है। बुधवार रात में दस बजे जल संस्थान के डोंडाघाट में रखा ट्रांसफॉर्मर जल गया। इससे पंप हाउस की मोटरें नहीं चल सकीं। पूरी रात बिजली गुल होने से अपर और लोअर जोन की टंकियों में पानी नहीं भरा जा सका। लगभग 12 मोहल्लों में आपूर्ति ठप रही। सुबह से नलों में पानी न आने से लोगों ने टैंकर से पानी मिलने की आस लगाई। स्थिति का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि लोग चिलचिलाती धूप में दरवाजों पर बैठकर बर्तन लिए टैंकर आने की आस लगाए रहे। इसके बाद न आने पर मायूस हो गए। कुछ लोग तो बच्चों के साथ दूर से हैंडपंप से पानी जुटाने को मजबूर हुए। कई ने साइकिल की मदद ली। चिलचिलाती धूप में लोग पसीना-पसीना हो गए, लेकिन पानी जुटाना पड़ा।
-
टैंकर से भी आपूर्ति रही ठप
बृहस्पतिवार को वाटर बॉक्स में टैंकर भरने वाली मोटर भी खराब हो गई। पानी भरने आए टैंकर खाली ही खड़े रहे। इसके बाद विभाग ने छोटे नल से पानी भरना शुरू किया, लेकिन एक दो टैंकर ही भरे जा सके। इससे लोग पूरे दिन टैंकरों से पानी मिलने की आस लगाए रहे। लेकिन, पानी नहीं मिल सका। विभागीय अधिकारियों ने तत्काल मोटर खुलवाकर मरम्मत के लिए पहुंचाया, लेकिन समय पर ठीक न होने से टैंकरों से पानी उपलब्ध नहीं हो सका।
-
इन मोहल्लों में रहा पानी का संकट
जल संस्थान ने पेयजल आपूर्ति को दो भागों में बांटा है, इसमें अपर जोन और लोअर जोन हैं। लोअर जोन के मोहल्ला चौबयाना, बड़ापुरा, बजरिया, नदीपुरा में आपूर्ति ठप रही। विष्णुपुुरा, रैदासपुरा, खिरकापुरा, नारायणपुरा, श्रद्धानंदपुरा में लंबे समय से आपूर्ति बाधित है। वहीं अपर जोन में गांधीनगर, नई बस्ती, सिविल लाइन, नेहरूनगर, आजादपुरा, लेड़ियापुरा आदि में भी सप्लाई बाधित रही।