ग्राम कडे़सरा कलां राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर पवा साइन बोर्ड के पास पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, एक पिकअप ललितपुर से टमाटर लेकर झांसी जा रही थी। जब वह सुबह करीब 8:30 बजे पवा साइनबोर्ड के आगे पहुंची तो अचानक उसका अगला टायर फट गया जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाडर फांदती हुई दूसरी तरफ जा रही बाइक को टक्कर मारते हुए रेलिंग से टकराकर पलट गई। पिकअप पलटते ही चालक मौके से भाग गया। हादसे होते ही आसपास लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस एवं एंबुलेंस को दी। लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने के पहले ही दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में बाइक सवार भरतदास शर्मा पुत्र गरीबदास एवं शशि राजा पुत्र साहब सिंह दोनों निवासी बड़ौदाडाग थाना वार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिकअप के पलटते ही पिकप में भरी टमाटर की केरेटें चारों तरफ फैल गई। केरेटों में भरे टमाटर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चारों तरफ फैल गई। जिससे रोड पर टमाटर ही टमाटर नजर आए।