ललितपुर। थाना सोजना अंतर्गत ग्राम अगोड़ी में ट्रैक्टर और केसीसी के तहत लिए गए कर्ज से परेशान एक किसान ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सोजना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना सोजना के ग्राम अगोड़ी निवासी झट्टू बुनकर (59) पुत्र जुगना शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने परिजनों के साथ खेत पर गेहूं की फसल की कटाई के लिए गया था। दोपहर बाद वह किसी को बताए बिना वहां से घर चला गया। कटाई होने के बाद जब उसकी बड़ी बहू प्रियंका घर लौटी और कमरे के अंदर गई तो वहां ससुर झट्टू कमरे में बल्ली के सहारे गमछे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उसकी चीख सुनकर अन्य गांव के पड़ोसी और परिजन भी मौके पर पहुंच गए, तब तक ग्रामीण की मौत हो चुकी थी।
मृतक के छोटे पुत्र परमलाल ने बताया कि उसके पिता व चाचा ने मिलकर एक ट्रैक्टर करीब आठ वर्ष पहले फाइनेंस कराया था लेकिन उसकी पूूरी किस्तें नहीं भर सकने की वजह से उसके पिता झट्टू कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे। किसान क्रेडिट कार्ड का भी करीब ढाई लाख रुपये का कर्ज है। उनके नाम करीब साढ़े चार एकड़ जमीन है। मृतक के दो पुत्र हैं और वह दो भाइयों में बड़ा था।