ललितपुर। रबी फसलों की बोआई के लिए उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु रविवार को संयुक्त कृषि निदेशक झांसी मंडल डॉ.विपिन बिहारी द्विवेदी ने तहसील महरौनी और मड़ावरा में फुटकर उर्वरक दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने उप कृषि निदेशक कार्यालय में अधिकारियों संग समीक्षा बैठक भी की।
डॉ. द्विवेदी ने जिला कृषि अधिकारी रंजीत चौरसिया को उर्वरक वितरण पर कड़ी निगरानी और ओवररेटिंग, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। विक्रेताओं को फार्मर आईडी के आधार पर निर्धारित दरों पर उर्वरक बेचने के निर्देश मिले। दुकानों पर भंडार और रेट बोर्ड लगाना भी अनिवार्य किया गया। निरीक्षण में महरौनी और मड़ावरा की तीन दुकानें बंद मिलें।
ग्राम गिदवाहा में कृषक कल्याण और कूरे के खेत तालाबों का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना प्रभारी मानवेंद्र सिंह और वरिष्ठ प्राविधिक सहायक सूर्यपाल सिंह राजपूत को तालाबों की दरेशी व इनलेट बनाने के निर्देश मिले। किसानों को मछली पालन, सोलर प्लांट और पौधरोपण के लिए भी प्रेरित किया गया।