ललितपुर। सिद्ध क्षेत्र राखपंचमपुर मेला आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित भजन संध्या में बुंदेली कलाकारों को सुनने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
राखपंचमपुर मेला आयोजन समिति के तत्वावधान में मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें आकाशवाणी व दूरदर्शन कलाकार बुंदेली भजन गायक रामकिशोर मुखिया व छतरपुर की गायिका रामवती राजपूत ने अपने भजनों से लोगों को पांडाल में नाचने पर मजबूर कर दिया। रामकिशोर मुखिया ने ‘मां मैं तेरे तेज से डर न जाऊं कहीं’ शारदा वंदना से कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने ‘जनम दइयौ विधाता बुंदेलखंड में’ गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। छतरपुर की बुंदेली गायिका रामवती राजपूत ने ‘टोरो न बारे की यारी कन्हैया’ भजन सुनाया। इसके बाद युगल गीत का आयोजन किया गया।