ललितपुर। जाखलौन अंतर्गत भैलवारा गांव में सोमवार शाम गिरी गाज से खेतों में काम कर रहे दो ग्रामीण अचेत हो गए। वहीं, सात अन्य आहत हो गए।
सोमवार शाम पांच बजे ग्राम भैलवारा निवासी जगदीश प्रसाद (55 वर्ष) के खेत में फसल की थ्रेसिंग चल रही थी, तभी अचानक बारिश शुरू हो गई। बादलों में हुई तेज गर्जना से साथ एक पेड़ के निकट गाज गिरने से जगदीश प्रसाद और सेतु (40 वर्ष) पुत्र गनू अचेत हो गए। वहीं, आसपास मौजूद अरविंद
(25 वर्ष) पुत्र बरजोरे, राजाराम (45 वर्ष) पुत्र परमू, सुरेश (35 वर्ष) पुत्र कड़ोरे, विश्वनाथ (40 वर्ष) पुत्र दयाराम, नरेंद्र (18 वर्ष) पुत्र रणजोर, भज्जू (40 वर्ष) पुत्र जकते एवं जगन (45 वर्ष) पुत्र ऊधम निवासीगण ग्राम भैलवारा आहत हो गए। जगदीश एवं सेतु काफी देर तक खेत पर अचेत पड़े रहे। ग्रामीणों के सहयोग से परिजन उन्हें घर ले आए। मंगलवार को इमरजेंसी में सभी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
लैंप से युवक झुलसा
ललितपुर। बार अंतर्गत ग्राम डुलावन में जलता हुआ लैंप गिरने की वजह से एक युवक झुलस गया। ग्राम डुलावन निवासी जयराम (25 वर्ष) पुत्र श्यामलाल का कहना है कि वह घर के कमरे में सो रहा था। रोशनी के लिए अलमारी में लैंप जल रहा था। जलता हुआ लैंप गिरने की वजह से वह झुलस गया।उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नशीली गोलियों सहित युवक बंदी
ललितपुर। सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज सीएल गुप्ता ने जीजीआईसी के निकट गश्त के दौरान एक युवक को 170 नशीली गोलियों सहित पकड़ लिया। पकड़े गए युवक का नाम हीरा निवासी कसाई मंडी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।