ललितपुर। नगर क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में अनुदेशकों की तैनाती के बाद भी कंप्यूटर शिक्षा का हाल बेहाल है। किसी स्कूल में कंप्यूटर डिब्बे में पैक हैं तो कहीं बिजली संयोजन का अभाव बना हुआ है। इसके चलते संबंधित स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को ज्ञानपरक कंप्यूटर शिक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
परिषदीय विद्यालयों के छात्र- छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा देने के उद्देश्य से स्कूलों में अनुदेशकों की तैनाती की गई है। नगर के सात उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पूर्व के वर्षों में कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिनमें उच्च प्राथमिक विद्यालय सिविल लाइन, उच्च प्राथमिक विद्यालय सराय, उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबयाना, उच्च प्राथमिक विद्यालय आदर्श विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय क्रमोत्तर स्टेशन, उच्च प्राथमिक विद्यालय तालाबपुरा व उच्च प्राथमिक विद्यालय गोविंद नगर शामिल हैं। चिह्नित स्कूलों में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा नहीं मिल पा रही है। इसकी प्रमुख वजह अधिकतर स्कूलों में बिजली का संयोजन का नहीं होना है। खासकर आदर्श विद्यालय, तालाबपुरा व गोविंदनगर के स्कूल इसमें सम्मिलित हैं।
नगर क्षेत्र के स्कूलों में अभी तक बिजली संयोजन को पैसा आवंटित नहीं किया गया है। पूर्व के वर्षों में उच्च प्राथमिक विद्यालय सिविल लाइन में बिजली का संयोजन कराया गया था। लेकिन, बिल भुगतान के लिए पैसा ही नहीं मिल रहा है। बिजली संयोजन की समस्या को दूर करने के लिए बीएसए को पत्र लिखा जा रहा है।
आभा अग्रवाल
खंड शिक्षा अधिकारी नगर
-----------------------