ललितपुर। अमन का पैगाम लेकर आई ईद का झमाझम बारिश ने इस्तकबाल किया। आसमान में छाए बादलों से गिर रहे पानी के बीच लोगों ने नमाज अदा कर एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बड़ों ने जहां बच्चों को ईदी दी तो वहीं, घरों में देर शाम तक मीठी सिवइयों व पकवानों का दौर चलता रहा।
चांद दिखाई देने की खबर मिलते ही मुस्लिम समाज में खुशियों की लहर दौड़ गई। लोग ईद के जश्न की तैयारी में जुट गए। शुक्रवार को सुबह ईदगाह पर मुस्लिम समाज के लोग ईद की नमाज पढ़ने के लिए एकत्र होने लगे। रिमझिम बारिश के बीच शहर पेश इमाम हाजी अब्दुल अलीम साहब ने 9.15 बजे ईद की नमाज अदा कराई, वहीं मस्जिदों में 9. 30 बजे इमामों ने नमाज अदा कराई। सभी नमाजियों ने अमन चैन की दुआ मांगी। लोगों ने नमाज से पूर्व गरीब, असहायों को फितरा व जकात बांटी। ईदगाह पर नमाज के वक्त मेला लगा रहा। यहां बड़ों के साथ बच्चे भी आए, आसपास उनके मनोरंजन के लिए लगी दुकानों पर बच्चे खिलौनों की खरीददारी करते हुए देखे गए। वेे हम उम्र साथियों के साथ गले मिले और घर जाकर स्वादिष्ट पकवानों का लुत्फ लिया। सामाजिक, राजनीतिक नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मुसलमानों को ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह पर काफी देर तक एक दूसरे को मुबारकबाद देने का दौर चलता रहा। इस मौके पर जिलाधिकारी ओ पी वर्मा, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, मुस्लिम एसोसिएशन सदर असलम कुरैशी, अजीज कुरैशी, शाकिर अली, अब्दुल मजीद ठेकेदार, शाहिद आलम, इदरीश कुरैशी, समद खां, मुस्तफा खां, नवाब बख्श, असफाक खां, अफजुल रहमान आदि मौजूद रहे।