ललितपुर। दैवीय आपदाओं की शांति के लिए सिद्धपीठ चंडीमाता मंदिर में सवा करोड़ शिवलिंग निर्माण का रविवार से श्रीगणेश हो गया। मंदिर के पीठाधीश्वर चंद्रेश्वर गिरि महाराज के निर्देशन में हो रहे धार्मिक कार्यक्रम में महिलाएं बढ़ चढ़कर भाग ले रहीं हैं।
रविवार सुबह मंदिर में चंडीमाता की पूजा अर्चना के बाद पार्थिव शिवलिंग का निर्माण शुरू हो जाता है। दिन में शिवलिंग के निर्माण के बाद शाम को डा. ओमप्रकाश शास्त्री ने विधिविधान से उनकी पूजा अर्चना कराई। इसके बाद पार्थिव शिवलिंग को एकत्र करके ट्रैक्टर के माध्यम से गोविंद सागर बांध में विसर्जन के लिए ले जाया जाता है। पीठाधीश्वर चंद्रेश्वर गिरि महाराज ने बताया कि देश में हो रहीं दैवीय आपदा की शांति व उनको रोकने के लिए यह कार्य शुरू किया गया है। यह धार्मिक कार्य पूरे एक माह तक चलता रहेगा।