ललितपुर। अपर निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय झांसी से आए संयुक्त निदेशकों के तीन सदस्यीय दल ने सोमवार को प्राइवेट प्रैक्टिस की शिकायतों की पड़ताल की। इस दौरान जिला अस्पताल के तीन चिकित्सकों के बयान भी लिए गए। इसके पूर्व जेडी के दल ने जिला चिकित्सालय (पुरुष) व जिला चिकित्सालय (महिला) का औचक निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा भी लिया।
स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों ने जिला अस्पताल में पदस्थ कुछ चिकित्सकों पर प्राइवेट प्रैक्टिस, आपरेशन तथा मरीजों के उपचार में मनमानी के आरोप लगाते हुए शासन स्तर पर शिकायत की थी। अपर निदेशक स्वास्थ्य झांसी कार्यालय से आए संयुक्त निदेशक डा. अलका जैन, डा. जे के माहेश्वरी एवं डा. बालकिशन ने सोमवार को यहां आकर आरोपों की जांच शुरू की। जिला चिकित्सालय (पुरुष) के सीएमएस कक्ष में हुई गोपनीय जांच के दौरान जिला अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डाक्टर डी के राज, वरिष्ठ फिजीशियन डा. आर पी सिंह एवं जिला महिला चिकित्सालय के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. हरेंद्र सिंह चौहान के बयान लिए गए, जबकि बाल रोग विशेषज्ञ डा. राजेंद्र प्रसाद के बयान छुट्टी पर होने के कारण दर्ज नहीं हो सके। मामले की पड़ताल कर रहे संयुक्त निदेशक डा. जे के माहेश्वरी का कहना है कि अभी जांच का यह शुरूआती दौर है, इसलिए आरोपों के संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा। उन्होंने कहा है कि नतीजे तक पहुंचने के लिए जिले में आकर जांच की जाएगी। इसके पूर्व जेडी के दल ने जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस कक्ष में बैठकर स्वास्थ्य कर्मचारियों की सर्विस बुक, जीपीएफ, पासबुक आदि का अवलोकन किया तथा उनको समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जेएसवाई, 108 नंबर सेवा, जेएसएसके से संबंधित अभिलेख देखे। जिला महिला चिकित्सालय में संचालित सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट के निरीक्षण के बाद जेडी के दल ने जिला चिकित्सालय (पुरुष) का निरीक्षण किया, जहां बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए सीएमएस के प्रयासों की सराहना की। जेडी के दल ने महिला चिकित्सालय के सीएमएस से जनसूचना अधिकार, 108 सुविधा आदि जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित साइनबोर्ड लगवाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय पुरुष सीएमएस डा. किशोरी लाल, जिला महिला चिकित्सालय महिला सीएमएस डा. हरेंद्र सिंह चौहान एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। रास्ते में जेडी के दल ने बांसी स्थित स्वास्थ्य कें द्र का निरीक्षण भी किया, जहां पेयजल संबंधी समस्या उजागर हुई।
अल्ट्रासाउंड सेवाओं को होगी पहल
ललितपुर। दोनों चिकित्सालयों में ठप अल्ट्रासाउंड सेवाओं को बहाल कराने के लिए संयुक्त निदेशक के दल ने अपर निदेशक के माध्यम से शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया है। संयुक्त निदेशक डा. अलका जैन ने कहा है कि वे अपर निदेशक के समक्ष सुझाव रखकर वैकल्पिक तौर पर जिले के किसी चिकित्सक को प्रशिक्षण दिलाकर अल्ट्रासाउंड विभाग को सुचारु करने के लिए पहल करेंगी।
बाहर की दवाएं लिखने पर एफआईआर
ललितपुर। संयुक्त निदेशक के दल ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी भी दशा में मरीजों को बाहर की दवाइयां न लिखी जाएं। उन्होंने अस्पताल में बाहरी तत्वों की घुसपैठ पर भी प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में सीएमएस (पुरुष) ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां उजागर होने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।