ललितपुर। आरपीएफ ने बीती रात पांच बदमाशों को रेलवे सिगनल के तार काटते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की निशानदेही पर तार खरीदने वाले कबाड़ी को भी पकड़ लिया गया है। थ्री आरपीयूपी एक्ट के तहत कार्रवाई कर दी गई है।
जखौरा, तालबेहट, धौर्रा, ललितपुर व दैलवारा के बीच सिंगनल तार कटर गिरोह की सक्रियता के कारण रेल यातायात प्रभावित होने लगा था। बीते कई माह से बदमाश तार काटकर ले जाने में सफल रहे थे। बीती रात आरपीएफ को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश दैलवारा- ललितपुर रेल लाइन के पास रेल सिंगनल का तार काट रहे हैं। जानकारी पाते ही बदमाशों की धरपकड़ के लिए थाना आरपीएफ ललितपुर प्रभारी डी के मिश्र, एसआई अभिमन्यु सिंह सिपाहियों के साथ निवाई के पास पहुंच गए। यहां सिंगनल तार काटते हुए काईपाई निवासी कमलेश व राकेश को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीन बदमाश मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर काईपाई गांव से आरपीएफ ने उनके साथी रामस्वरुप, रतीराम व गनेश को भी दबोच लिया। इन सभी के पास से चालीस मीटर सिंगनल केबल बरामद की गई है। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी ने गल्ला मंडी के पास रहने वाले इश्तियाक उर्फ कल्लू कबाड़ी को तार बेचने की बात स्वीकारी है। इस पर आरपीएफ गल्ला मंडी के पास पहुंची और बदमाशों की निशानदेही पर उक्त कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। कबाड़ी के पास कई किलोग्राम तांबा बरामद हुआ है। आरपीएफ प्रभारी डी के मिश्र का कहना है कि सिंगनल का तार काटने से रेल यातायात प्रभावित हो जाता है। आए दिन हो रही वारदातों को देखते हुए आरपीएफ तार काटने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है।