तालबेहट (ललितपुर)। शुक्रवार को टेलीफोन एक्सचेंज पर गिरी बिजली क्षेत्र के कई परिवारों का रक्षाबंधन पर्व फीका कर गई। मॉडम फुंक जाने के कारण सेंट्रल बैंक में शनिवार से कोई लेन देन न होने के कारण ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली गिरने से चार ट्रांसफार्मर, बैंकों के मोडम सहित संचार व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी। एक्सचेंज के आस पास तहसील परिसर के अधिकांश कंप्यूटर व विद्युत उपकरण खराब हो गए थे। कुछ बैंकों के मोडम तो बदल दिए गए हैं, परंतु सेंट्रल बैंक का मोडम छह दिन बाद भी नहीं बदला जा सका है। इससे बैंक में लेन- देन का कारोबार पूरी तरह से बंद है, जबकि इसी बैंक में मनरेगा के सबसे अधिक खाते हैं। इस स्थिति में अधिकांश मजदूरों को रक्षाबंधन पर्व पर मजदूरी नहीं मिल सकी, जिससे उनका त्योहार फीका रहा। अन्य कारोबार भी ठप है। इससे बैंक व ग्राहकों को काफी नुकसान हो रहा है।