बाक्स में राखी पैकेज
ललितपुर। भाई- बहन के पवित्र रिश्तों का त्योहार रक्षाबंधन जनपद में स्नेहपूर्वक मनाया गया। इस मौके पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर प्यार का बंधन बांधकर अपनी रक्षा का वचन लिया। भाइयों ने भी उपहार देकर बहनों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
रक्षाबंधन के दिन बृहस्पतिवार को सुबह से ही सड़कों पर चहल पहल शुरू हो गई थी। भाइयों की मनपसंद मिठाई लेकर महिलाएं मायके पहुंचीं, जहां ईश्वर की वंदना के उपरांत भाइयों को बैठाया, फिर रोली और अक्षत से माथे पर तिलक लगाकर कलाई में रेशम का धागा बांधकर उम्र भर रक्षा करने का वचन लिया। भावनात्मक क्षणों के बीच भाइयों ने बहनों को रक्षा वचन दिया। अन्य जनपदों व प्रांतों से बहनें भी अपने मायके आईं। उल्लास के साथ उन्होंने रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बच्चों ने भी उमंग के साथ पर्व का आनंद लिया। मनमोहक परिधानों को पहने बच्चे चहकते हुए दिखाई दिए। राखी व मिठाइयों के बाजार देर शाम तक गुलजार रहे।
मिठाई की दुकानों पर उमड़े ग्राहक
ललितपुर। रक्षाबंधन के पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मिठाई के दुकानदारों ने दो दिन पहले ही अपनी तैयारियां शुरू कर दी थी। नगर के देवगढ़ रोड, स्टेशन रोड, शाही रोड, कटरा बाजार स्थित होटल व दुकानों में मिठाइयों के अनेक आइटम देखने को मिले। सुबह से लेकर देर शाम तक इन दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही।
एटीएम पर लगी भाइयों की कतार
ललितपुर। राखी बंधवाने के बाद बहनों को उपहार खरीदने को रुपये निकालने के लिए नगर के विभिन्न एटीएम पर भाइयों की लंबी कतारें लगी रही। स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक, बड़ौदा आफ बैंक के एटीएम पर सुबह से ही ग्राहकों का आना शुरू हो गया था। भीड़ देख बैंकों को सुरक्षा गारद की व्यवस्था करनी पड़ी।
बसों में रही भीड़ भाड़
ललितपुर। रक्षाबंधन के पर्व पर बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ बहनों को बाहर से आकर ग्रामीण इलाकों में स्थित अपने मायके पहुंचने की जल्दी थी, तो कई नगर से बाहर के लिए सफर कर रही थीं। बसों में भीड़भाड़ का आलम यह रहा कि अधिकांश बसों में तिल रखने को भी जगह नहीं थी, लेकिन भीड़ को चीरती हुईं बहनें अपने लिए जगह बनाने में कामयाब रहीं।
कारागार द्वार पर मना रक्षाबंधन
ललितपुर। जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों ने कारागार के द्वार पर बहनों से राखी बंधवाकर रक्षा का वचन दिया। रक्षाबंधन पर्व पर सुबह से ही बहनें हाथों में मिठाई व रोली की थाली लेकर कारागार परिसर में एकत्रित हो गई थीं। दोपहर बाद तक उन्होंने अपने भाइयों का इंतजार किया। इसके बाद तैयार होकर बाहर निकले भाइयों को देख उनकी आंखें खुशी से छलक उठीं। इस भावनात्मक क्षण में बंदीरक्षक भी भावुक हो उठे।
ट्रेनों में नहीं मिली जगह
ललितपुर। रक्षाबंधन पर्व के कारण ट्रेनों में खासी भीड़ रही। रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली हर गाड़ी यात्रियों से भरी थी। भाइयों के पास जाने को बेताब बहनों को भीड़भाड़ के कारण काफी कठिनाई उठानी पड़ी। बीना की ओर जाने वाली सदन एक्सप्रेस, पठानकोट एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, पंजाब मेल तथा झांसी की ओर जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस, इटारसी पैंसेजर, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस आदि में काफी भीड़भाड़ देखी गई।