56.18 करोड़ रुपये का बजट पेश करेगी पालिका
क्षतिग्रस्त सड़कें, चौराहे और स्विमिंग पुल को मिलेगी वरीयता
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
नगर पालिका परिषद ने शहर का समग्र विकास करने के उद्देश्य से कार्ययोजना तैयार ली है। इसके अंतर्गत मौजूदा वित्तीय वर्ष में करीब 56 करोड़ रुपये विभिन्न कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। इसमें क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण, चौराहों के सौंदर्यीकरण व स्विमिंग पुल के निर्माण को वरीयता से शामिल किया गया है।
नगर पालिका परिषद ने शहर के विकास का जिम्मा अपने हाथों में ले रखा है। पालिका हर साल सड़क, पुलिया, नाली निर्माण पर लाखों रुपये व्यय करती है। इसके बाद भी शहर का समग्र विकास नहीं हो पाया है। आज भी तमाम वार्डों में बुनियादी सुविधाओं की कमी देखी जा रही है। पालिका के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब किसी महिला अध्यक्ष द्वारा बजट पेश किया जाएगा। यह बजट भारतीय जनता पार्टी के लिहाज से भी अहम है। पार्टी ने पालिकाध्यक्ष की सीट पर दूसरी बार कब्जा जमाया है। पालिकाध्यक्ष रजनी साहू की प्राथमिकताओं को लेखाकारों ने मौजूदा वित्तीय वर्ष का बजट तैयार किया है। इसमें वर्ष 2017-18 का वास्तविक और वित्तीय वर्ष 2018-19 के अनुमानित व्यय को शामिल किया गया है। इस तरह कुल छप्पन करोड़ 18 लाख 69 हजार दो सौ 79 रुपये का बजट सदन में पेश होगा। इसमें अनुमानित आय 41 करोड़ 35 लाख 88 हजार रुपये की दर्शाई जा रही है, जबकि 14,82,81,279 रुपये का प्रारंभिक अवशेष दिखाया गया है। पालिका को वार्षिक बजट पेश करने में दो माह का समय लग गया। इसके पीछे कारण पालिकाध्यक्ष रजनी साहू और ईओ अवनींद्र कुमार के बीच उभरे मतभेद हैं। ऐसे में महीनों तक बोर्ड बैठक की तिथि तय करने को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही। आखिरकार अधिशासी अधिकारी अवनींद्र कुमार ने सोलह मई बोर्ड बैठक की तिथि तय कर दी। जिससे तमाम अटकलों पर विराम लग गया।
बैठक का एजेंडा हुआ जारी
बोर्ड बैठक का एजेंडा जारी किया गया है। जिसमें दो बिंदु रखे गए हैं। इनमें से एक वास्तविक बजट का है तो दूसरा बिंदु अध्यक्ष की अनुमति से रखा जाना वाला प्रस्ताव है।
विकास को दी गई तरजीह
पालिका के बजट में विकास को तरजीह दी गई है। जिसमें जिम की स्थापना, सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, स्विमिंग पुल आदि कार्य प्राथमिकता से शामिल किए गए हैं।
रजनी साहू, अध्यक्ष
नगर पालिका परिषद
पूर्व में बने सामुदायिक भवनों में लटका ताला
पूर्व पालिकाध्यक्ष सुभाष जायसवाल के कार्यकाल में विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया गया था। इनमें से कई जगहों पर सामुदायिक भवनों में ताला लगा हुआ है। जिस कारण लोगों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। पालिकाध्यक्ष ने सामुदायिक भवनों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए निरीक्षण का भरोसा दिया है।